संविधान में बंधुत्व का सिद्धान्त | Principle of Fraternity in the Indian Constitution: Objectives, Provisions & Significance

भारतीय संविधान में ‘बंधुत्व‘ या ‘बंधुता‘ (Fraternity) को राष्ट्र की एकता, अखंडता और नागरिक गरिमा को सुनिश्चित करने वाला एक मूल संवैधानिक मूल्य माना गया है।

संविधान में बंधुत्व से संबंधित प्रमुख प्रावधान निम्नलिखित हैं:

1. संविधान की प्रस्तावना (Preamble)

संविधान की प्रस्तावना में स्पष्ट रूप से ‘बंधुता’ को बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया है – “व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प होकर…”

2. मौलिक कर्तव्य — अनुच्छेद 51A(e) (Fundamental Duties)

संविधान के भाग IV-A के तहत अनुच्छेद 51A(e) में भ्रातृत्व (Brotherhood / Fraternity) को प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य बनाया गया है –  “भारत के सभी लोगों में समरसता और समान भ्रातृत्व की भावना का निर्माण करें, जो धर्म, भाषा और प्रदेश या वर्ग पर आधारित सभी भेदभावों से परे हो।”

3. एकल नागरिकता — भाग II (अनुच्छेद 5 से 11)

भारत में एकल नागरिकता (Single Citizenship) का प्रावधान है। जैसा कि अमेरिका में दोहरी नागरिकता होती है, वैसा भारत में नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रांतीयता, क्षेत्रीयता और संकीर्ण भेदभावों से ऊपर उठकर सभी देशवासियों के बीच एक राष्ट्र और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना है।

4. समानता और गैर-भेदभाव (अनुच्छेद 14 से 18)

बंधुत्व की भावना तब तक स्थापित नहीं हो सकती जब तक समाज में समानता न हो। इसलिए अनुच्छेद 15 धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्मस्थान के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव को रोकता है। अनुच्छेद 17 अस्पृश्यता (छुआछूत) का उन्मूलन करता है, जो सामाजिक बंधुत्व के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा थी। अनुच्छेद 18 सभी औपनिवेशिक उपाधियों को समाप्त करता है ताकि समाज में कृत्रिम वर्ग-भेद न रहे।

Read Also  गोपनीयता का अधिकार और सूचना का अधिकार | Right to Privacy and Right to Information in India

संविधान के इन्हीं भावनाओं के अनुरूप अनेक कानून बनाएँ गए हैं तो देश की अखंडता और एकता को हानि पहुंचाने वाले विचारों को एक गंभीर अपराध बनाते हैं। इस तरह इसके नागरिकों में बिना किसी विवेकपूर्ण आधार के जाति, वर्ग, लिंग, धर्म, भाषा, स्थान इत्यादि के आधार पर भेदभाव पैदा करने को भी दंडनीय अपराध बनाया गया है।

देश के सभी लोग आपस में एक-दूसरे की परेशानियों को समझे उन्हें दूर करें और सद्भाव का संबंध रखें। यह प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। अगर हम अपने इस कर्तव्य का पालन नहीं करेंगे तो किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकार का हनन होगा और अंत में हमारे अधिकार भी सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। देश के लोग अगर आपस में बंधुत्व और सद्भाव से नहीं रहेंगे तो अंतत: देश की ही हानि होगी जो हम सबकी हानि है।

Scroll to Top