देश में निजता के अधिकार के हनन के लिए यद्यपि कोई एकीकृत आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं क्योंकि यह हनन अनेक प्रकार से हो सकता है। कई बार लोग पुलिस में इसकी शिकायत करते हैं और कई बार नहीं भी करते हैं। सोशल मीडिया पर किसी की निजी जानकारी साझा करना एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। कई बार लोग अनजाने में ऐसा कर देते हैं तो कई बार जानबूझ कर। किसी की व्यक्तिगत फोटो, पता, मोबाइल नंबर आदि सार्वजनिक करने से उस व्यक्ति की सुरक्षा को भी खतरा हो जाता है।

भारतीय संविधान में ‘निजता का अधिकार‘ (Right to Privacy) एक महत्वपूर्ण और मौलिक अधिकार है। हालाँकि, मूल संविधान में “निजता” (Privacy) शब्द का प्रत्यक्ष रूप से कोई उल्लेख नहीं था, संभवतः संविधान निर्माताओं ने इस जीवन के अधिकार में ही शामिल माना हो। पर बाद में सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से इसे संविधान का अभिन्न अंग माना गया है। सर्वोच्च न्यायालय ने जिन मामलों में ये निर्णय दिए गए हैं, उनमें से कुछ प्रमुख केस निम्नलिखित हैं:
निजता का अधिकार क्या है?
के.एस. पुट्टास्वामी बनाम भारत संघ (2017) — 24 अगस्त 2017 को सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) की 9 जजों की संवैधानिक पीठ ने सर्वसम्मति से यह निर्णय दिया था कि निजता का अधिकार (Right to Privacy) एक मौलिक अधिकार (Fundamental Right) है।
इतना ही नहीं न्यायालय ने निजता के अधिकार को संविधान के अनुच्छेद 21 में शामिल माना। अनुच्छेद 21 (Article 21) जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार (Right to Life and Personal Liberty) की बात करता है। निजता के अधिकार में व्यक्ति के निजी निर्णय, शारीरिक स्वायत्तता (Bodily Autonomy), निजी जीवन का विवरण और डिजिटल जानकारी/डेटा की गोपनीयता शामिल है।
निजता के अधिकार को अनुच्छेद 19 में दी गई विभिन्न स्वतंत्रताओं (Right to Freedom) के साथ भी जोड़ कर देखा जाता है। इस अनुच्छेद में वाक् और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विचार, और पूरे देश में बिना बाधा घूमने की स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं।
न्यायालय ने राज्य द्वारा नागरिकों के निजी जीवन या डेटा में कोई भी मनमाना (Arbitrary) हस्तक्षेप अनुच्छेद 14 (समानता के अधिकार- Right to Equality) का उल्लंघन माना है।
सर्वोच्च न्यायालय ने निजता के तीन मुख्य पहलू तय किए हैं:
- शारीरिक निजता (Physical Privacy): व्यक्ति के शरीर और निजी स्थान (जैसे घर) में अनधिकृत प्रवेश या तलाशी से सुरक्षा।
- मानसिक/वैचारिक निजता (Mental Privacy): व्यक्तिगत पसंद, आस्था, जीवनसाथी चुनने और निजी विचारों की गोपनीयता।
- सूचनात्मक निजता (Informational Privacy): व्यक्ति के व्यक्तिगत डेटा, फोन टैपिंग, डिजिटल गतिविधियों और बैंक अकाउंट जैसी जानकारियों का संरक्षण।
निजता के अधिकार पर तर्कसंगत सीमाएं (Reasonable Restrictions) – निजता का अधिकार असीमित (Absolute) नहीं है। राज्य (सरकार) निम्नलिखित 3 शर्तों (Triple Test) को पूरा करके ही किसी व्यक्ति की निजता में हस्तक्षेप कर सकती है:
- कानून का अस्तित्व (Legality): ऐसा करने के लिए कोई वैध कानून मौजूद होना चाहिए।
- उचित उद्देश्य (Legitimate Goal): राज्य की सुरक्षा, अपराध रोकने या सार्वजनिक हित का कोई वाजिब कारण होना चाहिए।
- आनुपातिकता (Proportionality): हस्तक्षेप केवल उतना ही होना चाहिए जितना कि उस उद्देश्य को पूरा करने के लिए अत्यंत आवश्यक हो।
संविधान ही नहीं बल्कि कई कानून भी हैं जो कुछ स्थितियों में निजी जानकारियों को सार्वजनिक करने को दंडनीय अपराध बनाते हैं। उदाहरण के लिए:
किसी व्यक्ति की निजी जानकारी (जैसे मोबाइल नंबर, पता, बैंक विवरण, निजी तस्वीरें या दस्तावेज) उसकी सहमति के बिना सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना या साझा करना गंभीर अपराध है। इसके लिए भारतीय कानूनों (IT Act और BNS) में निम्नलिखित प्रमुख धाराओं के तहत कार्रवाई का प्रावधान है:
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (IT Act) की धारा 66E (निजता का उल्लंघन)
इसके अनुसार यदि कोई व्यक्ति किसी की सहमति के बिना उसकी निजी तस्वीरें, वीडियो या अन्य गोपनीय निजी जानकारियां लेता है, प्रकाशित करता है या इंटरनेट अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित करता है तो इसे निजता (Privacy) का हनन माना जाएगा जिसके लिए 3 वर्ष तक का कारावास या ₹2 लाख तक का जुर्माना, या दोनों हो सकता है।
भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 74 (महिला की निजता का उल्लंघन / पीछा करना या अपमान) को अपराध मानता है। यदि सोशल मीडिया पर शेयर की गई निजी जानकारी किसी महिला से संबंधित है (जैसे उसकी निजी तस्वीरें, वीडियो या संपर्क विवरण बिना अनुमति के प्रसारित करना), तो यह धारा लागू होती है। इसके लिए दंड है 3 वर्ष से लेकर 7 वर्ष तक के कारावास और जुर्माना।
IT Act की धारा 66C पहचान चोरी (Identity Theft) की बात करता है। किसी की व्यक्तिगत जानकारी (जैसे पासवर्ड, डिजिटल हस्ताक्षर, यूनिक आईडी या वित्तीय विवरण) का धोखाधड़ी से उपयोग करना या सोशल मीडिया पर उसकी फर्जी प्रोफाइल बनाकर निजी जानकारी का दुरुपयोग करना अपराध है। इसके लिए 3 वर्ष तक का कारावास और ₹1 लाख तक का जुर्माना हो सकता है।
BNS की धारा 356 मानहानि (Defamation) को दंडनीय अपराध बनाता है। किसी व्यक्ति की निजी जानकारियां, चैट या दस्तावेज इस नीयत से सोशल मीडिया पर वायरल करना जिससे समाज में उसकी छवि या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे, एक अपराध है। इस अपराध के लिए 2 वर्ष तक का कारावास, जुर्माना, या दोनों दंडस्वरूप दिया जा सकता है।
IT Act की धारा 67 अश्लील सामग्री के प्रकाशन को अपराध घोषित करता है। यदि सोशल मीडिया पर साझा की गई निजी जानकारी या मीडिया आपत्तिजनक या अशिष्ट प्रकृति का है, तो इस अपराध के लिए पहली बार दोषी पाए जाने पर 3 वर्ष तक की कैद और ₹5 लाख तक का जुर्माना हो सकता है। दुबारा होने पर सजा बढ़ सकती है।
इस तरह, कानून व्यक्तिगत निजता के अधिकार और सार्वजनिक सुरक्षा के अधिकार के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करता है।
इसलिए अपनी या दूसरे की व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले बहुत ही सावधानी से उसकी सत्यता की पुष्टि और परिणामों पर विचार कर लेना चाहिए कि कहीं इससे उस व्यक्ति की सुरक्षा और सम्मान को आघात न पहुंचे।




