भारतीय संविधान में समानता का अधिकार | Right to Equality in Indian Constitution

भारतीय संविधान में ‘समता’ या ‘समानता’ (Equality) को नागरिकों का मौलिक अधिकार माना गया है। सर्वोच्च न्यायालय ने इस अधिकार को संविधान का एक मूल ढांचा (Basic Structure) का भाग माना है जिसे संसद भी नहीं छीन सकती।  समानता से संबंधित सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान संविधान के भाग III (मौलिक अधिकार) के तहत अनुच्छेद 14 से 18 में दिए गए हैं, जिन्हें “समानता का अधिकार” (Right to Equality) कहा जाता है।

इन प्रमुख संवैधानिक प्रावधानों का विस्तृत विवरण नीचे दिया गया है:

समानता का अधिकार (अनुच्छेद 14 से 18)

विधि के समक्ष समता एवं समान संरक्षण – अनुच्छेद 14: ‘कानून के समक्ष समता (Equality before Law)’ का अर्थ है कि राज्य किसी भी व्यक्ति को कानून के समक्ष समान समझेगा; कानून की नजर में कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं है। ‘कानून का समान संरक्षण (Equal Protection of Laws)’ का अर्थ है कि समान परिस्थितियों वाले लोगों पर समान कानून लागू होगा।

अनुच्छेद 15 (भेदभाव का प्रतिषेध): राज्य किसी भी नागरिक के साथ केवल धर्म, मूलवंश (Race), जाति (Caste), लिंग (Sex) या जन्मस्थान (Place of Birth) के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करेगा। पर, महिलाओं, बच्चों, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों, SC, ST और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के उत्थान के लिए राज्य को विशेष नियम बनाने की छूट है।

अनुच्छेद 16 (लोक नियोजन में अवसर की समता): सरकारी नौकरियों और पदों पर नियुक्ति के लिए सभी नागरिकों को समान अवसर प्राप्त होंगे। पिछड़े वर्गों, SC/ST और EWS के लिए नौकरियों में आरक्षण का प्रावधान इसी अनुच्छेद के अपवादों के अंतर्गत आता है ताकि वास्तविक समानता स्थापित की जा सके।

Read Also  भारत में लापता बच्चे: आँकड़े, कानूनी सुरक्षा और तात्कालिक कदम | Missing Children Stats, Laws

अनुच्छेद 17 (अस्पृश्यता का अंत – Abolition of Untouchability): छुआछूत (अस्पृश्यता) का किसी भी रूप में आचरण करना पूरी तरह से प्रतिबंधित और दण्डनीय अपराध घोषित किया गया है।

अनुच्छेद 18 (उपादियों का अंत – Abolition of Titles): सेना और विद्या संबंधी (Academic & Military) सम्मान को छोड़कर अन्य सभी औपनिवेशिक उपाधियों (जैसे—सर, राय बहादुर, महाराजा आदि) को समाप्त कर दिया गया है, ताकि समाज में किसी प्रकार का पदानुक्रम या विशेषाधिकार न रहे।

संविधान के अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान

अनुच्छेद 325 (राजनीतिक समानता):

किसी भी नागरिक को केवल धर्म, जाति, नस्ल या लिंग के आधार पर मतदाता सूची (Electoral Roll) में शामिल होने से वंचित नहीं किया जाएगा और न ही इस आधार पर अलग मतदाता सूची बनेगी।

अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार):

भारत के हर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक को चुनाव में वोट देने का समान अधिकार (एक व्यक्ति, एक वोट) प्राप्त है।

अनुच्छेद 39 (नीति निदेशक तत्व – DPSP):

संविधान का अनुच्छेद 39(a) पुरुष, महिला आदि सभी नागरिकों को जीविका के पर्याप्त साधन प्राप्त करने का समान अधिकार। अनुच्छेद 39(d) पुरुषों और स्त्रियों दोनों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन (Equal Pay for Equal Work) का प्रावधान करता है।

संविधान की प्रस्तावना (Preamble): प्रस्तावना स्पष्ट रूप से “प्रतिष्ठा और अवसर की समता” (Equality of status and of opportunity) प्राप्त कराने का संकल्प लेती है।

संविधान के इन्हीं भावनाओं के को मूर्त रूप देने के लिए अनेक कानून बनाएँ गए हैं जो किसी विशेष आधार पर विभेद करने को अपराध बनाते हैं। उदाहरण के लिए, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 (RPWD Act, 2016), सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 (Protection of Civil Rights Act), एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 आदि ऐसे ही विशेष कानून हैं। भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 196 (पुरानी IPC धारा 153A) भी भाषा, स्थान या जाति के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य, शत्रुता, घृणा या द्वेष फैलाने को अपराध बनाती है।

Read Also  ईमानदारी: अधिकार एवं दायित्व - नैतिकता और कानूनी मूल्य | Honesty: Rights & Duties in Life & Law

समानता प्रत्येक भारतीय का मौलिक अधिकार भी है और कर्तव्य भी। न तो किसी के साथ असमानता का व्यवहार करें और न ही ऐसा व्यवहार सहें। पर इसके लिए लड़ने-झगड़ने के बजाय शांतिपूर्वक बात करें अपना विरोध दर्ज कराएँ। अगर इससे बात न बने तब दोषी व्यक्ति को रोकने के लिए जिस संस्था में असमानता का व्यवहार हो रहा हो, या फिर अगर सार्वजनिक स्थान पर हो तो, सीधे पुलिस में शिकायत की जा सकती है। इसके लिए असमानता के व्यवहार का जितना हो सके साक्ष्य रखें ताकि न्यायालय को न्याय करने में आसानी हो। 

Scroll to Top