गोपनीयता का अधिकार और सूचना का अधिकार | Right to Privacy and Right to Information in India

गोपनीयता का अधिकार कुछ स्थितियों में सरकार को भी है और जनता को भी। पर दोनों के ही यह अधिकार असीमित नहीं है।

जनता की लिए गोपनीयता कानून

भारत के संविधान में गोपनीयता का अधिकार (Right to Privacy) एक मौलिक अधिकार (Fundamental Right) है लेकिन यह अन्य मौलिक अधिकारों की तरह यह अधिकार भी कुछ विवेकसम्मत पाबंदियों के अधीन है। 2017 के के.एस. पुट्टास्वामी केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट रूप से निजता यानि गोपनीयता के अधिकार को अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार), अनुच्छेद 19 (विभिन्न स्वतंत्रताओं का अधिकार), अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) के तहत मौलिक अधिकार माना है।

इनके अतिरिक्त कुछ महत्वपूर्ण कानून बनाए गए हैं; उदाहरण के लिए:

डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 (DPDP Act): नागरिकों के व्यक्तिगत डिजिटल डेटा की गोपनीयता बनाए रखने और अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए बना समर्पित कानून।

सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (IT Act): धारा 66E (निजता का उल्लंघन) और धारा 72A के तहत निजी जानकारी या तस्वीरों को बिना सहमति साझा करने पर सजा का प्रावधान।

सरकार के लिए गोपनीयता कानून

ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत सरकार अपने कुछ सूचनाओं को ‘गोपनीय’ की सूची में रख सकती है। ऐसी सूचनाओं तक आम जनता की पहुँच नहीं होती है।

लेकिन ऐसी गोपनीयता भ्रष्टाचार का स्रोत बनने लगी। तब लोगों ने इस प्रावधान में संशोधन करने की मांग की। वर्तमान में कानून यह मानता है कि यदि किसी गुप्त जानकारी (Secret) को छिपाने से समाज, राज्य या किसी व्यक्ति की जान-माल को खतरा होता है, तो ऐसी गोपनीयता का अधिकार समाप्त हो जाता है और उसे उजागर करना एक कानूनी या नैतिक कर्तव्य बन जाता है।

Read Also  खोई हुई वस्तु पाने वाले के कानूनी अधिकार और कर्तव्य | Lost and Found Property: Rights & Duties in India

इसे निम्नलिखित संवैधानिक, कानूनी और प्रशासनिक प्रावधानों के माध्यम से समझा जा सकता है:

व्हिसलब्लोअर संरक्षण अधिनियम, 2011 (Whistle Blowers Protection Act)

यदि किसी सरकारी विभाग या संगठन में भ्रष्टाचार, शक्ति का दुरुपयोग, या कोई गंभीर खतरा/अनियमिता (Unsafe Activity) गुप्त रूप से चल रही है, तो उसे उजागर करने वाले व्यक्ति (Whistleblower) को कानूनी सुरक्षा दी जाती है। इसके पीछे सिद्धान्त “जनहित” (Public Interest) को किसी संस्था की “गोपनीयता” (Secrecy) से ऊपर रखना।

भारतीय न्याय संहिता (BNS, 2023) और आपराधिक प्रक्रिया में यदि कोई व्यक्ति किसी गंभीर अपराध या सुरक्षा खतरे की जानकारी छिपाता है, तो यह स्वयं एक अपराध है। BNS की धारा 239 (IPC धारा 202) के अनुसार यदि किसी व्यक्ति के पास किसी संज्ञेय अपराध (Cognizable Offense) जैसे हत्या, आतंकवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा, की जानकारी है और वह जानबूझकर उसे पुलिस या प्राधिकारी से छिपाता है, तो उसे सजा हो सकती है। इसका कारण यह है कि कोई भी रहस्य जो किसी बड़े हादसे, अपराध या जन-हानि का कारण बन सकता है, उसे छिपाना गैर-कानूनी है।

पेसा और पर्यावरण कानून (Right to Know & Environmental Hazards)– पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986: यदि कोई कंपनी या फ़ैक्टरी जहरीले रसायनों या पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले गुप्त तरीकों का इस्तेमाल कर रही है, तो कानूनन उन खतरनाक रहस्यों (Hazardous Secrets) को सरकार और जनता के सामने प्रकट करना (Disclose) अनिवार्य है। भोपाल गैस त्रासदी के बाद इस प्रावधान को बहुत कड़ा किया गया था।

उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019: कंपनियों को अपने उत्पादों में मौजूद किसी भी असुरक्षित सामग्री या खतरे की जानकारी उपभोक्ताओं के साथ साझा करना अनिवार्य है।

Read Also  भारत में हिंसा: आँकड़े, कानूनी सुरक्षा और तात्कालिक कदम | Violence in India: Statistics & Legal Rights

सूचना का अधिकार (RTI Act, 2005) – सरकार के किसी विभाग से संबन्धित कोई सूचना, अपवादों को छोड़ कर समान्यतः लोगों को इस कानून के तहत देना अनिवार्य है।

RTI अधिनियम की धारा 8(2) यह स्पष्ट करती है कि यदि किसी गुप्त या गोपनीय सूचना को उजागर करने से मिलने वाला “लोकहित” (Public Interest) उस गोपनीयता को बनाए रखने के नुकसान से बड़ा है, तो वह जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है।

निष्कर्षत: कहा जा सकता है कि गोपनीयता की अवश्यता सरकार और व्यक्ति दोनों को होती है। लेकिन इसका प्रयोग उसी स्थिति तक की जा सकती है जब तक कि अन्य अधिकारों का उल्लंघन नहीं हो।

इसलिए गोपनीयता का अधिकार हालांकि प्रत्येक व्यक्ति को है, कुछ जानकारी गुप्त होनी चाहिए लेकिन जानकारी छुपाना अपने लिए या दूसरों के लिए खतरा बन जाए तब उस जानकारी को उचित लोगों तक पहुँचाना भी हमारा कर्तव्य बन जाता है।  

Scroll to Top