प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट (Privity of Contract) और वचन विबंधन (Estoppel): महत्वपूर्ण केस लॉ | Part 9

प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट (Privity of Contract) और वचन विबंधन (Estoppel)

प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट (Privity of Contract) का सामान्य अर्थ यह है कि जो व्यक्ति संविदा के पक्षकार नहीं हैं, वे उसे लागू कराने के लिए न्यायालय में वाद (Suit) दायर नहीं कर सकते। हालांकि, भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 2(घ) इसके कुछ अपवाद प्रस्तुत करती है।

वचन विबंधन (Estoppel)

वचन विबंधन (Estoppel) का अर्थ होता है— “अपने वचन से बंध जाना”।

यदि संविदा का कोई एक पक्षकार कोई वचन या आश्वासन देता है, और दूसरा पक्ष उस वचन या आश्वासन पर विश्वास करके कोई ऐसा कार्य करता है जो उसके हितों के प्रतिकूल हो, तो ऐसी स्थिति में वचन देने वाला पक्ष अपने वचन से बंध जाता है।

अर्थात, वह अपना वचन पूरा करने के लिए उसी तरह बाध्य होता है, जैसे संविदा से उत्पन्न दायित्व को पूरा करने के लिए होता है। हालांकि, यह दायित्व संविदा से नहीं, बल्कि उसके द्वारा दिए गए वचन से उत्पन्न होता है।

प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट और वचन विबंधन से संबंधित लीडिंग केस लॉ (Leading Cases)

प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट और वचन विबंधन के संबंध में विधिक प्रावधानों को देखने के बाद, आइए इस पर आधारित कुछ महत्वपूर्ण वाद (Cases) देखते हैं:

1. वेंकटा चिन्नाया राव बनाम वेंकटरमाया गरु

(Venkata Chinnaya Rau v. Venkataramaya Garu) [(1881) 1 I.J. 137 (Mad.)]

  • तथ्य: एक महिला ने अपनी पुत्री को जमीन का एक निश्चित टुकड़ा उपहार (Gift Deed) के रूप में दिया। यह गिफ्ट डीड रजिस्टर्ड था, लेकिन यह सशर्त था। दस्तावेजों की एक शर्त के अनुसार पुत्री को प्रति वर्ष एक निश्चित राशि (653 रुपये) उस महिला की बहन को देनी थी। महिला की पुत्री (प्रतिवादी) ने महिला की बहन (वादी) के साथ एक इकरारनामा (Agreement) किया था जिसके अनुसार वह इस शर्त को मानने के लिए तैयार थी। लेकिन बाद में उसने बहन को धनराशि देना बंद कर दिया। वादी (महिला की बहन) ने इस राशि की वसूली के लिए प्रतिवादी (पुत्री) पर सिविल वाद दायर किया।
  • विधिक प्रश्न: क्या महिला की बहन (वादी) उसकी पुत्री (प्रतिवादी) के खिलाफ वाद ला सकती है, जबकि वह उस संविदा की प्रत्यक्ष पक्षकार नहीं थी और उसने कोई प्रतिफल (Consideration) नहीं दिया था? संविदा का प्रतिफल प्रतिवादी की माँ (यानी वादी की बहन) द्वारा दिया गया था।
  • न्यायालय का निर्णय: न्यायालय ने संविदा अधिनियम की धारा 2(घ) पर विचार किया, जिसके अनुसार:“जबकि वचनदाता की वांछा पर वचनग्रहीता या कोई अन्य व्यक्ति कुछ कर चुका है या करने से विरत रहा है… तब ऐसा कार्य या प्रविरती या वचन उस वचन के लिए प्रतिफल कहलाता है।”इस परिभाषा से स्पष्ट है कि वैध संविदा के लिए यह आवश्यक नहीं कि प्रतिफल केवल वचनग्रहीता (Promisee) की ओर से ही हो, बल्कि यह किसी अन्य व्यक्ति की ओर से भी आ सकता है, भले ही वह उस संविदा का पक्षकार न हो। अतः वादी का पक्ष सही माना गया।
Read Also  संविदा के लिए संस्वीकृति, संसूचना,और प्रतिग्रहण: केस लॉ-part 4

2. नवाब ख्वाजा मोहम्मद खान बनाम नवाब हुसैनी बेगम

(Nawab Khwaja Muhammad Khan v. Nawab Husaaini Begam) [(1910) 37 I.A. 152]

  • तथ्य: हुसैनी बेगम का विवाह ख्वाजा मोहम्मद खान के पुत्र रुस्तम अली खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ। विवाह के समय दोनों अवयस्क थे, इसलिए उनके अभिभावकों ने समझौता किया। समझौते के अनुसार ख्वाजा मोहम्मद खान (पति के पिता) ने हुसैनी बेगम को ‘खर्चा-ए-पानदान’ (Pocket Allowance) के रूप में 500 रुपये प्रति माह देने का वचन दिया था, जो एक निश्चित अचल संपत्ति की आय से दिया जाना था। बाद में गृह कलह के कारण पत्नी अलग रहने लगी और उसने ससुर के खिलाफ खर्चे की वसूली के लिए वाद दायर किया।
  • विधिक तर्क व निर्णय: प्रतिवादी (ससुर) ने दलील दी कि समझौते के समय पत्नी पक्षकार नहीं थी (Privity of Contract)। किंतु प्रीवी काउंसिल (Privy Council) ने निर्णय दिया कि भारत में सामाजिक परिस्थितियां इंग्लैंड से भिन्न हैं जहाँ माता-पिता बच्चों के विवाह तय करते हैं। इसके अलावा, खर्चा-ए-पानदान की राशि एक निश्चित संपत्ति पर भारित (Charged) थी। इसलिए वादी संविदा की पक्षकार न होने के बावजूद इस राशि को पाने की हकदार थी।

कुछ अन्य महत्वपूर्ण केस लॉ

  • टवडील बनाम एटकिनसन (Tweddle v. Atkinson) [(1861) 1 B&S 393]: इस वाद में यह निर्धारित हुआ कि सामान्यतः केवल संविदा के पक्षकार ही वाद ला सकते हैं। (पिता द्वारा विवाह पर निश्चित धनराशि देने का वचन देने के बावजूद, पिता की मृत्यु पर पुत्र वाद नहीं ला सकता था क्योंकि वह संविदा का पक्षकार नहीं था)।
  • डनलप न्यूमैटिक टायर कंपनी लिमिटेड बनाम सेलफ्रीज एंड कंपनी लिमिटेड (1915): इस वाद में भी इसी सिद्धांत की पुष्टि की गई। भारत में इस सिद्धांत के प्रयोग के लिए प्रीवी काउंसिल के जामदास बनाम राम अवतार (1911) के निर्णय को प्राधिकार माना जाता है।
  • नारायणी देवी बनाम टैगोर कमर्शियल कॉरपोरेशन लिमिटेड (1973): आचरण, अभस्वीकृति या स्वीकृति—कभी-कभी दो पक्षकारों के बीच सीधा संविदात्मक संबंध नहीं होता, किंतु यदि उनमें से कोई एक अपने आचरण या अभिस्वीकृति द्वारा दूसरे पक्षकार के वाद लाने के अधिकार को मान्यता देता है, तो वह विबंधन (Estoppel) के सिद्धांत के आधार पर उत्तरदायी हो जाता है।
  • पारिवारिक प्रबंध (Family Arrangements): ख्वाजा मोहम्मद खान बनाम हुसैनी बेगम (1910) और वीरम्मा बनाम अप्पाया (1957) जैसे मामलों में यह स्पष्ट किया गया कि पारिवारिक प्रबंधों, विवाह खर्च या भरण-पोषण (Maintenance) से जुड़े समझौतों में हितभोगी (Beneficiary) व्यक्ति संविदा का पक्षकार न होने पर भी वाद ला सकता है। इस प्रकार, पारिवारिक समझौते ‘प्रीविटी ऑफ कांट्रैक्ट’ के महत्वपूर्ण अपवाद बनाते हैं।
Read Also  संविदा क्या है? जानिए भारतीय संविदा अधिनियम और इसके आवश्यक तत्व (Part 1)

Scroll to Top