सत्यता का अधिकार एवं कर्तव्य | Right and Duty of Truthfulness in India: Legal Provisions, Constitutional Rights & Responsibilities

हमारे व्यक्तिगत, सामाजिक और कानूनी जीवन में‘सत्य’का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान होता है। हो सकता है संविधान या कानून प्रत्यक्ष रूप से ‘सत्य’ की बात नहीं करता हो लेकिन प्रत्येक नियमों एवं प्रावधानों में इसका महत्व है। वास्तव में सत्य के बिना हमारे अधिकारों एवं कर्तव्यों, न्यायिक प्रक्रिया और सामाजिक सम्बन्धों का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। इसलिए संविधान और कानून के लगभग सभी प्रक्रियाओं में यह निहित है। यही कारण है कि भारत का राष्ट्रीय वाक्य “सत्यमेव जयते” (सत्य की ही विजय होती है), को भारत के राजचिह्न (National Emblem) का हिस्सा बनाया गया है। यही हमारा राष्ट्रीय आदर्श वाक्य (National Motto) है।

सत्यता से संबंधित प्रमुख संवैधानिक और कानूनी प्रावधान निम्नलिखित हैं:

1. संवैधानिक प्रावधान

अनुच्छेद 51A (मौलिक कर्तव्य): नागरिकों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे संविधान का पालन करें, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मानववाद का विकास करें, जो कि सत्य की खोज और तथ्य-आधारित नागरिकता का आधार है।

अनुच्छेद 19(1)(a) और 19(2) (वाक् और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता): नागरिकों को सच बोलने और अभिव्यक्ति का अधिकार है, लेकिन यह अधिकार असीमित नहीं है। यदि ‘असत्य’ , झूठी या फिर उग्र विचार वाले बातों से समाज में नफरत, मानहानि या अव्यवस्था फैलती है, तो उस पर उचित  प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

2. न्यायिक प्रक्रिया और साक्ष्य कानून

न्यायिक प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य ही है सत्य का पता लगाना। इसीलिए शपथ अधिनियम, 1969 (Oaths Act) के तहत गवाही देने से पहले गवाह या पक्षकार को ईश्वर या सत्यनिष्ठा के नाम पर “सच बोलने, पूरा सच बोलने और सच के अलावा कुछ न बोलने” की शपथ लेनी होती है।

Read Also  अपनी सुरक्षा का अधिकार और देश एवं नागरिकों की सुरक्षा का कर्तव्य | Right to Self-Defense & Duties Towards Nation

भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 (BSB / Old Evidence Act) के तहत साक्ष्य के रूप में केवल प्रासंगिक और प्रामाणिक तथ्यों (Fact in Issue & Relevant Facts) को स्वीकार किया जाता है ताकि न्यायालय में केवल ‘सत्य’ के आधार पर निर्णय लिया जा सके। इतना ही नहीं, धारा 80 (सत्यता की उपधारणा) न्यायालय में दर्ज गवाही या बयानों के दस्तावेजी साक्ष्यों को सच मानने का प्रावधान करता है।

3. असत्य और झूठ बोलने के खिलाफ आपराधिक कानून (Criminal Provisions)

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 229 से 233 (IPC 191/193) के अनुसार न्यायालय या किसी कानूनी कार्यवाही के दौरान जानबूझकर झूठा बयान देना या झूठे साक्ष्य (False Evidence) गढ़ना गंभीर अपराध है। इसके लिए 3 से 7 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

यदि कोई व्यक्ति किसी के खिलाफ झूठी बातें फैलाकर उसकी छवि खराब करता है, तो BNS की धारा 356 (IPC 499/500) के तहत उसे मानहानि के तहत 2 साल तक की सजा हो सकती है। “सत्य” (Truth) मानहानि के मामलों में एक प्रमुख कानूनी बचाव (Defense) होता है।

BNS की धारा 318 & 336 के अनुसार झूठ बोलकर, तथ्यों को छिपाकर या नकली दस्तावेज बनाकर किसी को धोखा देना (Cheating) कानूनी रूप से अपराध है।

4. प्रशासनिक मामलों में सत्यता: लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 (RPA) के तहत चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपनी संपत्ति, आपराधिक मामलों और योग्यता का सत्य शपथपत्र (Affidavit) देना अनिवार्य है। गलत या झूठी जानकारी देने पर चुनाव रद्द हो सकता है।

5. राजनीतिक मामलों में सत्यता: सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 (RTI Act) के अनुसार नागरिकों को सरकारी कामकाज और रिकॉर्ड्स से सच्ची और सटीक जानकारी प्राप्त करने का वैधानिक अधिकार है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

Read Also  सबके लिए न्याय का सिद्धांत: संवैधानिक प्रावधान और अधिकार | Principle of Justice for All: Constitutional Rights

6. उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 (Consumer Protection Act): कंपनियों और ब्रांड्स द्वारा किए जाने वाले भ्रामक और झूठे विज्ञापनों (Misleading Advertisements) पर रोक लगाता है ताकि ग्राहकों से सत्य छिपाया न जा सके।

‘सत्यता’ को बढ़ावा देने के लिए हम क्या करें?

हम जिन जनप्रतिनिधियों को चुन रहे हैं या जिन उत्पादों को खरीद रहे हैं, उनके विषय में सत्य जानना हमारा अधिकार है। झूठ बोलकर किसी झूठे केस में हमें नहीं फंसाया जाय, हमारी मानहानि न की जाय, यह भी हमारा अधिकार है। पर अधिकार कभी अकेले नहीं आता, अपने साथ कर्तव्य भी लाता है, इसलिए हमारा भी यह दायित्व है कि किसी भी झूठी बात को फैलाने में मदद न करें। भले ही हम अनजाने में ऐसा करते हों, किसी का नुकसान पहुँचाना हमारा उद्देश्य नहीं हो, पर फिर भी इससे दूसरे के अधिकारों की हानि होती है। इसलिए किसी भी बात की सत्यता को परख कर ही कुछ बोले या कोई सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करें।   

Scroll to Top