‘साहस’ (Courage) ऐसा गुण है जिस पर सभी क़ानूनों, अधिकारों एवं कर्तव्यों का पालन निर्भर करता है। यद्यपि संविधान में यह शब्द प्रत्यक्ष रूप से नहीं है पर कुछ प्रावधानों में अप्रत्यक्ष रूप से यह शामिल है।
संविधान और कानून के संदर्भ में ‘साहस’ को निम्नलिखित संवैधानिक प्रावधानों के माध्यम से समझा जा सकता है:
1. संविधान के मौलिक कर्तव्य (Fundamental Duties), संविधान के भाग IV-A (अनुच्छेद 51A):
अनुच्छेद 51A(b) — स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित करने वाले उच्च आदर्शों को संजोने और उनका पालन करने का कर्तव्य। (इसमें देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले देशभक्तों के साहस का सम्मान शामिल है।)
अनुच्छेद 51A(d) — आह्वान किए जाने पर देश की रक्षा करने और राष्ट्रीय सेवा के लिए तत्पर रहने का कर्तव्य (सैन्य या नागरिक साहस)।
अनुच्छेद 51A(h) — “वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानववाद, और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करना।” (किसी कुरीति, अंधविश्वास या सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए वैचारिक साहस की आवश्यकता होती है।)
2. मौलिक अधिकार (Fundamental Rights) — संविधान नागरिकों को यह अधिकार देता है कि वे सरकार या किसी शक्तिशाली निकाय के गलत कृत्यों के खिलाफ बिना डरे खड़े हो सकें:
अनुच्छेद 19(1)(a) (वाक् और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता): बिना किसी भय के अपने विचार व्यक्त करने, असहमति जताने और सच बोलने की स्वतंत्रता।

अनुच्छेद 19(1)(b) (शांतिपूर्ण सम्मेलन का अधिकार): अपनी मांगों या अधिकारों के लिए बिना हथियारों के शांतिपूर्ण विरोध (Protest) दर्ज कराने का साहस।
अनुच्छेद 32 और 226 (संवैधानिक उपचारों का अधिकार): यदि सरकार या कोई अधिकारी आपके मौलिक अधिकारों का हनन करता है, तो सीधे उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) या उच्च न्यायालय (High Court) का दरवाजा खटखटाने का अधिकार। यह नागरिक को राज्य की सत्ता के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का साहस देता है।
3. हिसक/अवैध कृत्यों के खिलाफ ‘आत्मरक्षा का अधिकार‘ (Right of Private Defence)– कानून में किसी व्यक्ति को अपराध या हमले का मुकाबला करने के लिए साहसी कदम उठाने का कानूनी अधिकार दिया गया है। भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 38 से 44 (IPC धारा 96 से 106) प्रत्येक नागरिक को अपने शरीर और संपत्ति की रक्षा के लिए निजी प्रतिरक्षा (Private Defence) का अधिकार है। यदि कोई अपराधी आप पर या किसी अन्य व्यक्ति पर जानलेवा हमला करता है, तो अपनी या दूसरों की रक्षा में कानून के दायरे में रहकर बल प्रयोग करने का अधिकार कानून देता है।
4. भ्रष्टाचार उजागर करने वाले ‘सीटी बजाने वालों’ (Whistleblowers) और गवाहों की सुरक्षा — गलत काम या भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए बहुत साहस की जरूरत होती है। ऐसे लोगों को सुरक्षा देने के लिए भी कुछ कानून बनाएँ गए हैं।
विसलब्लोअर संरक्षण अधिनियम, 2011 (Whistle Blowers Protection Act): सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार, शक्ति के दुरुपयोग या आपराधिक कृत्यों को उजागर करने वाले साहसी व्यक्तियों (Whistleblowers) को सुरक्षा प्रदान करता है।
गवाह सुरक्षा योजना (Witness Protection Scheme): गंभीर अपराधों में अदालतों के सामने सच बोलने वाले गवाहों को अपराधियों के भय और दबाव से बचाने के लिए कानूनी सुरक्षा प्रदान की जाती है।
साहस ‘शक्ति’ से अलग होता है। साहस व्यक्ति की मानसिक अवस्था होती है सही का साथ देने की और गलत का विरोध करने की। हम प्रयास करें कि कोई गलती नहीं हो, पर अगर हो जाए तो इसे छुपाना चालाकी नहीं बल्कि ‘साहस की कमी’ की निशानी होती है। जब हम अपनी गलती को अनुभव कर लेते हैं और उसे साहस के साथ स्वीकार करते हैं तो एक संभावना बनती है कि हममें उस गलती को सुधारने की और दुबारा नहीं करने का साहस है।




